देहरादून: उत्तराखंड की महिला क्रिकेट प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से आयोजित उत्तराखंड वुमेंस आर्टिस्ट प्रीमियर लीग (WAPL) 2026 का शानदार आगाज हो गया है।
प्रदेश में महिला खिलाड़ियों को एक साथ प्रतिस्पर्धी मंच देने वाले इस पहले टूर्नामेंट में 6 टीमें हिस्सा ले रही हैं। चार दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में पहले ही दिन रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।
टूर्नामेंट के उद्घाटन दिन कुल तीन मुकाबले खेले गए, जिसमें गंगा फाइटर्स, मंदाकिनी मावेरिक्स और सरस्वती स्ट्राइकर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।
गंगा फाइटर्स ने नंदा चैलेंजर्स को 12 रन से हराया
पहले मुकाबले में गंगा फाइटर्स ने नंदा चैलेंजर्स को 12 रन से मात दी। गंगा फाइटर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 77/5 रन बनाए। इसके बाद टीम ने लक्ष्य का सफलतापूर्वक बचाव करते हुए मुकाबला अपने नाम किया।
नंदा चैलेंजर्स की कप्तानी संध्या रावत, जबकि गंगा फाइटर्स की कमान शिवानी भंडारी ने संभाली। शानदार प्रदर्शन के लिए कुसुम को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
मंदाकिनी मावेरिक्स की बड़ी जीत
दिन के दूसरे मुकाबले में मंदाकिनी मावेरिक्स ने शानदार खेल दिखाते हुए अलकनंदा एवेंजर्स को 80 रन से हराया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मंदाकिनी मावेरिक्स ने 156 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी अलकनंदा एवेंजर्स की टीम दबाव में नजर आई और मंदाकिनी मावेरिक्स ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 80 रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया। अलकनंदा एवेंजर्स की कप्तान मनीषा खत्री और मंदाकिनी मावेरिक्स की कप्तान पिंकी रहीं। रितिका मोडका को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
सरस्वती स्ट्राइकर्स ने चार ओवर में हासिल किया लक्ष्य
दिन के तीसरे मुकाबले में सरस्वती स्ट्राइकर्स ने यमुना पैंथर्स के खिलाफ एकतरफा जीत दर्ज की। यमुना पैंथर्स की पूरी टीम महज 27 रन पर ऑलआउट हो गई।
इसके बाद सरस्वती स्ट्राइकर्स ने बिना ज्यादा समय गंवाए सिर्फ चार ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया और मुकाबला अपने नाम किया। यमुना पैंथर्स की कप्तान सुमन नेगी, जबकि सरस्वती स्ट्राइकर्स की कप्तान रेखा गडाली रहीं। शानदार प्रदर्शन के लिए सोनाली रावत को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
छह टीमें, चार दिन और महिला क्रिकेट का नया मंच
UWAPL 2026 को उत्तराखंड की महिला क्रिकेट प्रतिभाओं के लिए एक महत्वपूर्ण मंच के तौर पर देखा जा रहा है। प्रतियोगिता में प्रदेश की 6 टीमें हिस्सा ले रही हैं और टूर्नामेंट का आयोजन चार दिनों तक किया जा रहा है।
पहले दिन तीन टीमों की जीत के बाद अब मुकाबला और रोमांचक होने की उम्मीद है। UWAPL के जरिए महिला खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी क्रिकेट का अनुभव मिलने के साथ-साथ अपनी प्रतिभा दिखाने का भी मौका मिल रहा है। आने वाले दिनों में होने वाले मुकाबलों पर क्रिकेट प्रेमियों की नजर रहेगी।