देहरादून: रायपुर थाना क्षेत्र के सहस्रधारा रोड स्थित नालापानी चौक के पास महिला को जबरन कार में बैठाने की कोशिश के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। रायपुर थाना पुलिस ने मामले में शामिल एक 19 वर्षीय युवती को गिरफ्तार किया है, जबकि चार अन्य आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार, 23 सितंबर की सुबह करीब 6:50 बजे कानन कुंज निवासी सुषमा वर्मा ने रायपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि नालापानी चौक के पास कुछ लोगों ने उन्हें जबरन कार में बैठाने का प्रयास किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रायपुर थाना पुलिस और एसओजी देहात की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान घटना में शामिल युवती की पहचान चाहत उर्फ अन्नू के रूप में हुई, जिसे शनिवार को सहस्रधारा रोड से गिरफ्तार किया गया।
डेयरी के लेन-देन को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस की पूछताछ में आरोपी युवती ने बताया कि वह दीपक पासवान को करीब दो साल से जानती है। दोनों अपना कारोबार शुरू करना चाहते थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात सुषमा वर्मा से हुई।
पुलिस के मुताबिक, अठूरवाला-भानियावाला क्षेत्र में 20 गायों वाली डेयरी का सौदा 7.50 लाख रुपये में तय हुआ था। इसमें 5 लाख रुपये नकद और 2.50 लाख रुपये का चेक दिए जाने की बात सामने आई है।
आरोपियों का कहना था कि उन्हें डेयरी से रोजाना करीब 150 लीटर दूध उत्पादन होने की जानकारी दी गई थी, लेकिन बाद में दूध का उत्पादन काफी कम मिला। इसके बाद आरोपियों ने सुषमा से रकम वापस मांगनी शुरू कर दी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था।
डराने के लिए बनाई योजना
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने सुषमा को डराने के लिए उन्हें कार में बैठाने की योजना बनाई थी। इसके लिए कारगी चौक के पास से काले रंग की स्विफ्ट कार किराये पर ली गई।
23 सितंबर की सुबह दीपक, आदित्य और लक्की कार से सहस्रधारा पहुंचे। आरोप है कि सुषमा को कार में बैठाने का प्रयास किया गया। महिला के शोर मचाने और आसपास के लोगों के पहुंचने पर आरोपी मौके से फरार हो गए।
चार आरोपी अभी फरार
एसपी देहात जया बलूनी के अनुसार, मामले में दीपक, सुशांत उर्फ लक्की, आदित्य वशिष्ठ और प्रियांशु फरार हैं। पुलिस की टीमें उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
The Uttarakhand Now | Dehradun