बद्रीनाथ धाम में बिना अनुमति बड़ा सांस्कृतिक कार्यक्रम, चमोली DM ने गढ़वाल स्काउट्स के कमांडिंग ऑफिसर को भेजा नोटिस

चमोली। बद्रीनाथ धाम में बिना पूर्व अनुमति आयोजित किए गए सांस्कृतिक कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार ने गढ़वाल स्काउट्स के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल शांतनु को नोटिस जारी कर कार्यक्रम के आयोजन को लेकर स्पष्टीकरण मांगा है।

प्रशासन के अनुसार, बद्रीनाथ धाम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे और तेज आवाज वाले साउंड सिस्टम का इस्तेमाल किया गया। डीएम ने नोटिस में धार्मिक स्थल की गरिमा और पूजा-अर्चना के दौरान संभावित व्यवधान को लेकर चिंता जताई है।

19-20 सितंबर को हुआ था कार्यक्रम

जानकारी के मुताबिक, बद्रीनाथ धाम में 19 और 20 सितंबर को ‘देवभूमि सांस्कृतिक महोत्सव 2026’ आयोजित किया गया था। कार्यक्रम बद्रीनाथ के टूरिस्ट प्लाजा में हुआ, जो मंदिर परिसर से सटा हुआ क्षेत्र है।

महोत्सव की थीम ‘हमारी विरासत, हमारा भविष्य’ रखी गई थी। इसमें लोक संगीत, लोक नृत्य, हस्तशिल्प और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हुईं। कार्यक्रम में गायिका प्रियंका मेहर की प्रस्तुति भी हुई थी।

वायरल वीडियो के बाद उठे सवाल

कार्यक्रम से जुड़े कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बद्रीनाथ धाम जैसे धार्मिक और शांत क्षेत्र में इस तरह के आयोजन को लेकर सवाल उठने लगे। इसी के बाद प्रशासन ने कार्यक्रम के लिए आवश्यक अनुमति और प्रक्रिया को लेकर स्पष्टीकरण मांगा है।

डीएम ने गढ़वाल स्काउट्स के कमांडिंग ऑफिसर से पूछा है कि प्रशासन से आवश्यक अनुमति लिए बिना इस तरह का कार्यक्रम आयोजित क्यों किया गया।